डेस्क : नायरा एनर्जी की ओर से पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए जाने के बाद सरकारी तेल कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल-डीजल की नई कीमतें जारी कर दीं। हालांकि, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी सरकारी पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों को फिलहाल पुरानी कीमतों पर ही ईंधन मिलेगा।
नायरा एनर्जी ने 3 अक्टूबर से पेट्रोल के दाम में पांच रुपये और डीजल के दाम में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद कुछ शहरों में निजी और सरकारी तेल कंपनियों के ईंधन दामों के बीच अंतर बढ़ गया है।
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये, जबकि कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। जयपुर में पेट्रोल की कीमत 112.66 रुपये और डीजल की कीमत 98.25 रुपये प्रति लीटर है।
कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर के पार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों ने फिलहाल घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों को स्थिर रखा है।
तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत, रुपये और डॉलर की विनिमय दर समेत कई कारकों को ध्यान में रखकर ईंधन की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुख पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर नजर बनी रहेगी।








