डेस्क : गुरुग्राम में नौकरी करने वाली एक युवती की उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद में होटल के कमरे में दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को उसके परिचित ने जन्मदिन मनाने के बहाने होटल में बुलाया और वहां उसे यौनवर्धक दवा खिलाने के बाद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद मारपीट के दौरान युवती के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, शिकोहाबाद के नसीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करती थी। वह रक्षाबंधन पर अपने गांव लौट रही थी। 27 अगस्त को शिकोहाबाद पहुंचने में देर होने के कारण वह अपनी एक सहेली के घर रुक गई थी।
इसी दौरान आरोपी नितिन को उसके शिकोहाबाद पहुंचने की जानकारी हो गई। आरोप है कि नितिन ने अपने जन्मदिन का बहाना बनाकर युवती को मिलने के लिए बुलाया और बाइक से उसे एक होटल में ले गया। पुलिस के अनुसार, होटल में आरोपी ने युवती को यौनवर्धक दवा खिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया।
शिकायत करने की बात पर की मारपीट
पुलिस के अनुसार, युवती ने घटना की शिकायत पुलिस से करने की बात कही तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान उसका सिर दीवार से टकरा गया और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। आरोपी युवती को बाइक से एक निजी अस्पताल ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले में आरोपी के दोस्त अभिषेक पर भी घटना में सहयोग करने का आरोप है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपी नितिन उर्फ राहुल शिकोहाबाद की विजेंद्र कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है।
दूसरे आरोपी की तलाश में चार टीमें
पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और जांच के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।








