डेस्क : राजस्थान के धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र में अश्लील फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति के परिवार से जुड़े तीन नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के भाई ने शिकायत में आरोप लगाया है कि करीब एक वर्ष पहले निरंजन उर्फ नरेंद्र ने उसकी बहन के अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए थे। आरोप है कि इन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि धमकी के जरिए महिला का शारीरिक शोषण किया गया, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी।
शिकायत के मुताबिक, हाल ही में महिला के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए गए। इसके बाद वह सामाजिक बदनामी को लेकर बेहद परेशान हो गई। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव के बीच महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पति के परिवार से जुड़े हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी निरंजन उर्फ नरेंद्र महिला के पति का रिश्ते में चचेरा भाई बताया जा रहा है। शिकायत में उसके भाइयों लक्ष्मण और रविंद्र पर भी महिला के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर कंचनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
तीनों आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
मामला दर्ज होने के बाद तीनों नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह के अनुसार, मामले में तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच से जुड़े लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








