डेस्क : पंजाब में 54 दिन पहले जिंदा जलाई गई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर ने शनिवार को चंडीगढ़ के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, मनजीत कौर सात सप्ताह की गर्भवती थीं। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना तीन जुलाई की है। आरोप है कि शुभी और पिंडा नाम के दो लोगों ने मनजीत कौर को शराब की दुकान के पास बुलाया। इसके बाद दोनों उसे जबरन कार में बैठाकर मोरिंडा ले गए। वहां एक सुनसान स्थान पर उसे शहतूत के पेड़ से बांधकर मारपीट की गई और फिर कथित तौर पर उसे आग के हवाले कर दिया गया।
घटना के दौरान मनजीत को जलता देखकर उसकी एक दोस्त मौके पर पहुंची। उसने तत्काल उसे अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से झुलसी मनजीत का पहले मोरिंडा के अस्पताल में उपचार हुआ। बाद में उसे मैक्स अस्पताल और फिर पीजीआई रेफर किया गया। करीब 54 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद शनिवार को उसकी मौत हो गई।
लिव-इन पार्टनर से जुड़ा मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनजीत कौर का अपने पति से तलाक हो चुका था और इसके बाद वह आरोपियों में से एक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। उनका सात साल का एक बेटा भी है, जो पूर्व पति के साथ रहता है।
खरड़ सदर थाना पुलिस के एसएचओ गुरप्रीत सिंह के अनुसार, अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मनजीत की मां से संपर्क किया था। परिवार के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मामले की जांच में पुलिस घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।








