डेस्क : उत्तराखंड स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नीम करौली बाबा के प्रति आस्था रखने वाले देशभर से बड़ी संख्या में भक्त धाम पहुंच रहे हैं। लंबी कतारों और बढ़ती भीड़ के बीच फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है।
निर्देशक ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि कैंची धाम जाने से पहले श्रद्धालुओं को वहां की मौजूदा स्थिति और भीड़ की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि धाम में अत्यधिक भीड़ हो तो कुछ समय के लिए यात्रा स्थगित करना बेहतर होगा, ताकि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने श्रद्धालुओं को नीम करौली बाबा से जुड़े अन्य पवित्र स्थलों की यात्रा करने का सुझाव भी दिया। उनका कहना है कि बाबा नीम करौली की आध्यात्मिक विरासत से जुड़े कई स्थान हैं, जहां श्रद्धालु शांति और आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।
भीड़ को देखते हुए यात्रा की योजना बनाने की अपील
कैंची धाम में बढ़ती भीड़ के कारण आसपास के मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ रहा है। गांधी जयंती के अवसर पर मिले लंबे सप्ताहांत के चलते भी बड़ी संख्या में लोग उत्तराखंड के धार्मिक और पर्यटन स्थलों की ओर पहुंचे।
विशाल चतुर्वेदी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल दर्शन की जल्दबाजी न करें, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुविधा और सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि आस्था के साथ व्यवस्था और धैर्य भी जरूरी है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत पर आधारित है। फिल्म के निर्देशक का कहना है कि बाबा के प्रति लोगों की आस्था केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में उनके अनुयायी मौजूद हैं।







