‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले दिल्ली पुलिस अलर्ट, अभिजीत डिपके हिरासत में

0

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली से पहले पुलिस ने CJP कार्यकर्ता अभिजीत डिपके को हिरासत में ले लिया। डिपके को एनसीपी (एससीपी) के प्रवक्ता अनीश गावंडे के आवास से निकलते समय हिरासत में लिया गया। यह रैली शनिवार को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित है।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने डिपके को हिरासत में लेने की जानकारी देते हुए कहा कि कनॉट प्लेस क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है और एहतियातन उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है।

पुलिस ने डिपके को दो नोटिस भी जारी किए हैं। नई दिल्ली जिला पुलिस की ओर से जारी एक नोटिस में धारा 163 के तहत लागू प्रतिबंधों का हवाला देते हुए उन्हें सेंट्रल पार्क नहीं जाने का निर्देश दिया गया। वहीं, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली जिला पुलिस के दूसरे नोटिस में डिपके, आशुतोष और सौरव के खिलाफ पहले की गई एहतियाती कार्रवाई का उल्लेख किया गया है। इस नोटिस के अनुसार, तीनों को पहले हवाई अड्डे पर हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया था। साथ ही, एक वर्ष तक सार्वजनिक शांति भंग नहीं करने संबंधी बांड का भी जिक्र किया गया।

रैली की अनुमति को लेकर पुलिस ने दी चेतावनी

इससे पहले दिल्ली पुलिस की टीम उस आवास पर पहुंची थी, जहां डिपके राजधानी में ठहरे हुए थे। पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में उन्हें नोटिस सौंपा गया। नोटिस में कहा गया कि कनॉट प्लेस क्षेत्र में BNSS की धारा 163 लागू है और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने प्रस्तावित तिरंगा यात्रा के लिए अनुमति नहीं दी है। ऐसे में प्रतिबंधों के बावजूद यात्रा निकालने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराना अपने आप में गैरकानूनी नहीं है, लेकिन बिना अनुमति मार्च निकालना और भीड़ एकत्र करना लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन माना जा सकता है। पुलिस ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके इस्तेमाल से जुड़े फ्लैग कोड के प्रावधानों का पालन करने की भी हिदायत दी।

पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

प्रस्तावित रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और राजधानी की स्थिति की समीक्षा की। पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) डीके गुप्ता ने बताया कि यातायात पुलिस ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। कनॉट प्लेस के आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसके मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

गुप्ता ने कहा कि किसी भी तरह की बाधा या यातायात संबंधी समस्या सामने आने पर समय रहते मार्ग परिवर्तन लागू किया जाएगा, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो और यातायात सुचारु बना रहे। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है, ताकि संभावित व्यवधानों से संबंधित सूचनाओं के आधार पर समय रहते कदम उठाए जा सकें।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जारी एडवाइजरी का पालन करें और कनॉट प्लेस की ओर यात्रा करने से पहले यातायात संबंधी अपडेट देखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं।