पाली: राजस्थान के पाली जिले में घरेलू विवाद के चलते 16 वर्षीय किशोर पर अपने 85 वर्षीय दादा की हत्या का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, वारदात में किशोर के एक दोस्त ने भी उसका साथ दिया। हत्या के बाद बुजुर्ग का शव नदी के पास ले जाकर पानी में फेंक दिया गया। मामले में नाबालिग को हिरासत में लिया गया है, जबकि उसके दोस्त और खेत की रखवाली करने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 10 अगस्त की है। 12 अगस्त को स्थानीय लोगों की सूचना के बाद नदी के पास से बुजुर्ग का शव बरामद किया गया। शव पर चाकू से चोट के निशान और गला घोंटने के संकेत मिले थे। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की।
मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान नाबालिग से भी सवाल किए गए कि बुजुर्ग के लापता होने की सूचना परिवार ने पुलिस को क्यों नहीं दी। पूछताछ के दौरान किशोर घबरा गया और पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल करने की बात सामने आई।
पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की तो घटना से पहले हत्या के तरीकों से जुड़ी ऑनलाइन सर्च हिस्ट्री मिलने का दावा किया। जांच के अनुसार, किशोर ने हत्या के तरीके और गर्दन पर दबाव से संबंधित जानकारी भी इंटरनेट पर खोजी थी।
दोस्त के साथ मिलकर वारदात का आरोप
पुलिस के मुताबिक किशोर ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर दादा पर हमला किया। इसके बाद शव को बोरी में रखा गया और स्कूटर से नदी के पास ले जाया गया। वहां शव को पानी में फेंककर दोनों वापस घर लौट आए।
पुलिस के अनुसार, मृतक के चार बेटे थे। इनमें से दो अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं, जबकि दो की पहले ही मौत हो चुकी है। बुजुर्ग गांव में अपनी दो बहुओं और पोते-पोतियों के साथ रहते थे।
मुंबई में रहने वाले दोनों बेटों को 13 अगस्त को सोशल मीडिया के जरिए पिता की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस में हत्या की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब हत्या के पीछे के घरेलू विवाद और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।








