नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में युवाओं, महिला सशक्तिकरण, इतिहास, खेती और नशा मुक्ति जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज को नशामुक्त बनाने के लिए रचनात्मक तरीकों से अभियान चलाने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि देश में यह अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति को प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। युवाओं को इस खतरे से बचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को एक नया चैलेंज देते हुए कहा कि वे नशा मुक्ति के संदेश को संगीत, नाटक और सोशल मीडिया जैसे रचनात्मक माध्यमों से लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने युवा संगीतकारों से नशामुक्त जीवन पर गीत बनाने और थिएटर से जुड़े विद्यार्थियों से ऐसे नाटक तैयार करने की अपील की, जो नशे के नुकसान और उससे बाहर निकलने का रास्ता दिखाएं। उन्होंने लोगों से अपने प्रयास सोशल मीडिया पर #नशामुक्तयुवा के साथ साझा करने को भी कहा।
इतिहास को रोचक बनाने वाली वेबसाइट का जिक्र
पीएम मोदी ने मुंबई के कृष्णा शेषाद्रि द्वारा तैयार की गई एक वेबसाइट का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस वेबसाइट के माध्यम से लोग किसी खास वर्ष को चुनकर यह जान सकते हैं कि उस समय भारत के अलग-अलग हिस्सों में किन राजवंशों और शासकों का शासन था। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल इतिहास को केवल पढ़ने के बजाय उसे रोचक तरीके से समझने में मदद करती है।
पीएम स्वनिधि से महिलाओं को नई ताकत
प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिला सशक्तिकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने छोटे कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं।
उन्होंने गाजियाबाद की बबीता शर्मा और बेंगलुरु की टी.एस. निन्गम्मा का उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उनके छोटे कारोबार को विस्तार देने में मदद की। पीएम मोदी ने कहा कि जब किसी महिला का कारोबार आगे बढ़ता है तो उसके साथ पूरे परिवार का भविष्य भी मजबूत होता है।
एवोकाडो की खेती से बढ़ी किसान की आमदनी
पीएम मोदी ने एवोकाडो की बढ़ती मांग का भी जिक्र किया। उन्होंने आंध्र प्रदेश के किसान वरदराज का उदाहरण देते हुए बताया कि पहले वे टमाटर और आलू की खेती करते थे। एवोकाडो की खेती के बारे में यूट्यूब से जानकारी हासिल करने के बाद उन्होंने इसकी खेती शुरू की और अब स्थानीय दुकानदारों को इसकी आपूर्ति कर रहे हैं। इससे उनकी आय और खेती की व्यवस्था में सुधार हुआ है।
‘सूर्यपथ तिरंगा’ की भी सराहना
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के दौरान आयोजित ‘सूर्यपथ तिरंगा’ पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अगस्त का महीना देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला रहा है। इस दौरान राष्ट्रीय हथकरघा दिवस, भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर आए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष आठ करोड़ से अधिक तिरंगा सेल्फी अपलोड की गईं। ‘सूर्यपथ तिरंगा’ के तहत फिजी के सुवा से लेकर एशिया, अफ्रीका और यूरोप होते हुए अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को तक भारतीय मिशनों और पोस्ट पर तिरंगा फहराया गया।








