‘मोदी जी, आपसे पूरी तरह निराश हूं’, भाजपा से इस्तीफे के बाद शहजाद पूनावाला का तंज

0

डेस्क : भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने के बाद शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी से पूरी तरह निराश हैं। पूनावाला ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बने 12 साल हो गए, लेकिन वह ‘ठीक से तानाशाह’ तक नहीं बन पाए।

पूनावाला ने अपने वीडियो में कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन बच्चों को भी माफ करने की बात कही, जिन्होंने उन्हें गालियां दी थीं। इसके उलट उन्होंने कांग्रेस शासित राज्यों में इंटरनेट मीडिया पर की गई टिप्पणियों को लेकर दर्ज मामलों का हवाला देते हुए कांग्रेस के तौर-तरीकों पर सवाल उठाए।

‘मोदी जी, आप तानाशाह नहीं बन पाए’

पूनावाला ने तंज कसते हुए कहा कि 12 साल बीत गए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी तानाशाह नहीं बन पाए। उन्होंने राहुल गांधी, इंदिरा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के राजनीतिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि तानाशाही सीखनी है तो कांग्रेस के इतिहास से सीखा जा सकता है।

उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए इंदिरा गांधी के शासन पर भी निशाना साधा। साथ ही साधु-संतों के आंदोलन, छात्र आंदोलनों और अन्ना आंदोलन के दौरान हुई कार्रवाई का उल्लेख किया।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े शासन में इंटरनेट मीडिया पर टिप्पणी करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने केरल और कर्नाटक का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां इंटरनेट मीडिया पोस्ट और पोस्टर को लेकर कार्रवाई की गई।

उन्होंने राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि उनके अनुसार कांग्रेस नेता के परिवार का राजनीतिक इतिहास अलग तरह की राजनीति को दर्शाता है। पूनावाला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आलोचक जिस तरह की ‘तानाशाही’ की उम्मीद कर रहे थे, वह उन्हें देखने को नहीं मिली।

कांग्रेस से भाजपा तक रहा है राजनीतिक सफर

शहजाद पूनावाला ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वर्ष 2017 में कांग्रेस के आंतरिक चुनाव को लेकर उन्होंने सवाल उठाए थे और इसके बाद पार्टी से अलग हो गए। बाद में वह भाजपा में शामिल हुए और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर राजनीतिक बहसों में भाजपा का पक्ष मजबूती से रखते रहे।

भाजपा से इस्तीफे से पहले उन्होंने अपने इंटरनेट मीडिया परिचय से भाजपा का उल्लेख हटा दिया था। इसके बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री मोदी को लेकर जारी उनका वीडियो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

हालांकि, वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर की गई पूनावाला की टिप्पणियां व्यंग्यात्मक अंदाज में हैं और उन्हें इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।