डेस्क : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रतनपुरी थाना क्षेत्र के सठेड़ी गांव में 10 वर्षीय बच्चे की हत्या के आरोप में 15 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि किशोर ने पुरानी रंजिश के चलते बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर पहुंचा और सामान्य रूप से सो गया।
दो दिन से लापता था अमन
जानकारी के अनुसार, सठेड़ी गांव निवासी जमशेद का 10 वर्षीय बेटा अमन गांव के स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था। 28 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसकी तलाश की और पुलिस को सूचना दी। परिवार ने पड़ोस में रहने वाले एक किशोर पर संदेह जताया। पुलिस ने पूछताछ के बाद किशोर को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर नेशनल हाईवे-58 के पास गन्ने के खेत से अमन का शव बरामद किया गया। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और गले में फंदा भी मिला।
दुकान से निकाले जाने के बाद बढ़ी थी नाराजगी
मृतक के चाचा गुलशेर के मुताबिक, आरोपी किशोर हरियाणा में एक फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। बताया गया कि 23 अक्टूबर को किशोर ने अपने एक दोस्त के साथ दुकान में चोरी की थी। इसका पता चलने पर उसे काम से निकाल दिया गया। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी। आरोप है कि 26 अक्टूबर को गांव लौटने के बाद उसने 28 अक्टूबर की शाम अमन को बहलाकर जंगल की ओर ले जाकर उसकी हत्या कर दी।
पुरानी पारिवारिक रंजिश की भी जांच
इस मामले में एक पुराना विवाद भी सामने आया है। करीब तीन महीने पहले आरोपी किशोर के परिवार के एक युवक की छत से गिरकर मौत हो गई थी। उस घटना के बाद आरोपी पक्ष ने अमन के परिवार पर युवक को धक्का देने का आरोप लगाया था और बदला लेने की धमकी भी दी थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं पुरानी पारिवारिक रंजिश का इस हत्या से कोई संबंध तो नहीं है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
रतनपुरी थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान के अनुसार, नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और किशोरों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









