डेस्क : अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने करियर के उस दौर का खुलासा किया है, जब फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर 2’ की सफलता के बाद उनके पास फिल्मों के ऑफरों की बाढ़ आ गई थी। नवाजुद्दीन के मुताबिक, फिल्म की रिलीज के बाद उन्हें करीब 200 फिल्मों की पटकथाएं मिली थीं। कई निर्माता उनके सामने ब्लैंक चेक तक रख देते थे और कहते थे कि वह अपनी फीस खुद तय कर लें।
एक साक्षात्कार में नवाजुद्दीन ने बताया कि ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर 2’ के बाद उन्हें पहली बार स्टार जैसा महसूस हुआ। उनके पास लगातार फिल्मों के प्रस्ताव आने लगे। उनकी मेज पर कई पटकथाओं के साथ ब्लैंक चेक रखे होते थे। निर्माता उनसे अपनी पसंद की रकम लिखने और शूटिंग के लिए अपनी तारीखें देने के लिए कहते थे।
हालांकि, अभिनेता ने इन प्रस्तावों में से किसी को भी जल्दबाजी में स्वीकार नहीं किया। नवाजुद्दीन ने बताया कि उन्हें मिली पटकथाओं में उन्हें ऐसी कहानी नहीं मिली, जिससे वह पूरी तरह प्रभावित होते। इसलिए उन्होंने केवल बड़ी रकम या लगातार मिल रहे प्रस्तावों के आधार पर फिल्म चुनने के बजाय सही कहानी और भूमिका का इंतजार करना बेहतर समझा।
नवाजुद्दीन के लिए ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर 2’ करियर का अहम पड़ाव साबित हुई। अनुराग कश्यप की वर्ष 2012 में रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने फैजल खान की भूमिका निभाई थी। उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों की खूब सराहना मिली और इस फिल्म ने उन्हें हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान दिलाई।








