न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित, चार साल बाद भुवनेश्वर कुमार की वापसी

0

डेस्क : न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित की। सबसे बड़ी खबर अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की करीब चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी है।

भुवनेश्वर ने आखिरी बार नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। आईपीएल 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी हुई है। दूसरी ओर, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस टी20 सीरीज से आराम दिया गया है।

टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में शामिल किया गया है। उनके अलावा अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है।

भारतीय टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन दिखाई दे रहा है। अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ प्रिंस यादव, मयंक यादव और वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया है।

भारतीय टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इसके बाद 24 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च, 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और 1 नवंबर को हैमिल्टन में मुकाबले होंगे।