पंजाब में दर्दनाक हादसा: मशहूर सिंगर हनी सिंह के भतीजे ने गंवाई जान

0

जालंधर :  पंजाब के जालंधर में रविवार, 1 नवंबर की तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में मशहूर गायक यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित ओलाक भी शामिल हैं। इस हादसे की खबर सामने आने के बाद संगीत जगत और दोनों परिवारों में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, विदित ओलाक अपने दोस्त आरव तलवाड़ के साथ वोक्सवैगन कार में सवार होकर एक जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस लाइन के नजदीक फ्लाईओवर पर उनकी कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

तड़के करीब 3 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसे की सूचना रविवार तड़के करीब 3 बजे थाना बारादरी को मिली। उस समय नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई का काम कर रहे थे। कूड़ा एकत्र करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी थी। कार बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की ओर जा रही थी, तभी यह दुर्घटना हुई।

कार में सवार थे पांच युवक

बताया गया है कि हादसे के समय कार में कुल पांच युवक मौजूद थे। इनमें विदित ओलाक और आरव तलवाड़ की जान चली गई, जबकि अन्य तीन युवक सुरक्षित बच गए। पुलिस के अनुसार, बाकी तीन युवक हादसे के बाद अपने घर लौट चुके थे।

विदित ओलाक, पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलाक के बेटे थे और गायक यो यो हनी सिंह के भतीजे थे। वहीं, आरव तलवाड़ पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे थे।

हनी सिंह ने जताया गहरा दुख

भतीजे की मौत से गायक यो यो हनी सिंह बेहद दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि यह उनके लिए बेहद कठिन दौर है और भतीजे को खोने का दुख असहनीय है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से कृपा बनाए रखने की प्रार्थना भी की।

इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात के समय सड़कों पर खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।