बागलकोट : कर्नाटक के बागलकोट जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि पत्नी को फंदे पर लटकाने के बाद आरोपी ने उसके माता-पिता को वीडियो कॉल किया और उन्हें अपनी बेटी को तड़पते हुए देखने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान 23 वर्षीय भाग्यश्री जिगलूर के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी पति प्रवीण जिगलूर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने पहले लकड़ी के डंडे से पत्नी पर हमला किया और इसके बाद दुपट्टे की मदद से उसे फंदे पर लटका दिया।
पत्नी के अवैध संबंध का था शक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रवीण को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार शाम को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर भाग्यश्री पर लकड़ी के डंडे से हमला किया और फिर उसे कमरे में फंदे से लटका दिया।
आरोप है कि इसके बाद प्रवीण ने पत्नी के तड़पने का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। इतना ही नहीं, उसने भाग्यश्री के माता-पिता को वीडियो कॉल कर उनकी बेटी को फंदे पर तड़पते हुए देखने के लिए मजबूर किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बाद में यह वीडियो कुछ अन्य लोगों और रिश्तेदारों के साथ भी साझा किया।
दो महीने बाद मायके से लौटी थी महिला
परिजनों के अनुसार, पति के साथ लगातार हो रहे विवाद से परेशान होकर भाग्यश्री करीब दो महीने पहले ससुराल छोड़कर मायके चली गई थी। परिवार का आरोप है कि प्रवीण ने बाद में उससे माफी मांगी और आगे विवाद न करने का भरोसा देकर उसे वापस घर बुलाया था।
बताया जा रहा है कि मायके से ससुराल लौटने के कुछ ही समय बाद भाग्यश्री की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद बीलागी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








