नई दिल्ली: राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने शुक्रवार को 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की घोषणा की। इसके लिए मतदान 18 जून को होगा। अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून है। ये चुनाव ‘काउंसिल ऑफ स्टेट्स’ के उन 24 सदस्यों के रिटायर होने से खाली हुई सीटों को भरने के लिए कराए जा रहे हैं, जिनका कार्यकाल जून और जुलाई 2026 में समाप्त हो रहा है।
18 जून को वोटिंग, उसी दिन आएंगे नतीजे
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी, और उम्मीदवारों को 11 जून तक अपना नामांकन वापस लेने की अनुमति होगी। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच होगा, और उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती निर्धारित है।
वोटिंग के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी होने की उम्मीद है। आयोग ने कहा कि मतपत्रों पर अपनी पसंद अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग अधिकारी की ओर से उपलब्ध कराए गए, पहले से तय विशिष्टताओं वाले, एकीकृत बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही उपयोग करने की अनुमति होगी। किसी अन्य पेन का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी।
किस राज्य से कितने राज्यसभा सदस्य हो रहे रिटायर
- आंध्र प्रदेश से चार
- गुजरात से चार
- झारखंड से दो
- मध्य प्रदेश से तीन
- मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश से एक-एक
- कर्नाटक से चार
- राजस्थान से तीन
राज्यसभा सदस्यों के रिटायर होने का पूरा विवरण देखिए
| क्रम संख्या | राज्य | सदस्य का नाम | सेवानिवृत्ति की तिथि |
| 1 | आंध्र प्रदेश | अयोध्या रामी रेड्डी अल्ला | 21.06.2026 |
| 2 | आंध्र प्रदेश | नथवानी परिमल | 21.06.2026 |
| 3 | आंध्र प्रदेश | पिल्ली सुभाषचंद्र बोस | 21.06.2026 |
| 4 | आंध्र प्रदेश | सना सतीश बाबू | 21.06.2026 |
| 5 | गुजरात | रामभाई हरजीभाई मोकारिया | 21.06.2026 |
| 6 | गुजरात | अमीन नरहरि हीराभाई | 21.06.2026 |
| 7 | गुजरात | गोहिल शक्तिसिंहजी हरिचंद्रसिंहजी | 21.06.2026 |
| 8 | गुजरात | रमीला बेचारभाई बारा | 21.06.2026 |
| 9 | झारखंड | दीपक प्रकाश | 21.06.2026 |
| 10 | झारखंड | शिबू सोरेन (04.08.2025 से रिक्त) | 21.06.2026 |
| 11 | मध्य प्रदेश | जॉर्ज कुरियन | 21.06.2026 |
| 12 | मध्य प्रदेश | दिग्विजय सिंह | 21.06.2026 |
| 13 | मध्य प्रदेश | सुमेर सिंह सोलंकी | 21.06.2026 |
| 14 | मणिपुर | महाराजा सनाजाओबा लीशेम्बा | 21.06.2026 |
| 15 | मेघालय | वानवेरॉय खार्लुखी | 21.06.2026 |
| 16 | राजस्थान | नीरज डांगी | 21.06.2026 |
| 17 | राजस्थान | राजेंद्र गहलोत | 21.06.2026 |
| 18 | राजस्थान | रवनीत सिंह | 21.06.2026 |
| 19 | अरुणाचल प्रदेश | नबाम रेबिया | 23.06.2026 |
| 20 | कर्नाटक | नारायाण कोरगप्पा | 25.06.2026 |
| 21 | कर्नाटक | इरन्ना कदाडी | 25.06.2026 |
| 22 | कर्नाटक | एच.डी. देवेगौड़ा | 25.06.2026 |
| 23 | कर्नाटक | मल्लिकार्जुन खड़गे | 25.06.2026 |
| 24 | मिजोरम | के. वनलालवेना | 19.07.2026 |


