सनी देओल की ‘बंटवारा १९४७’ क्यों है खास? १६ साल पुराना है फिल्म से रिश्ता

0

डेस्क : अभिनेता सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के सामने आने वाली है। दोनों की आगामी फिल्म ‘बंटवारा १९४७’ अपनी भावनात्मक कहानी को लेकर चर्चा में है। खास बात यह है कि इस फिल्म की कहानी से सनी देओल और राजकुमार संतोषी का जुड़ाव करीब १६ साल पुराना है।

२००९-१० में देखा था फिल्म बनाने का सपना

राजकुमार संतोषी ने वर्ष २००९-१० के आसपास सनी देओल को इस कहानी के बारे में बताया था। कहानी सुनने के बाद सनी देओल इससे बेहद प्रभावित हुए और दोनों ने इसे फिल्म के रूप में पर्दे पर लाने का सपना देखा। हालांकि, कई वर्षों तक इस परियोजना के लिए निवेशक नहीं मिला और फिल्म बनाने की योजना आगे नहीं बढ़ सकी।

सनी देओल के लिए यह कहानी इतनी खास थी कि लंबे इंतजार के बावजूद उनका विश्वास कायम रहा कि एक दिन यह फिल्म जरूर बनेगी।

एक नाटक से निकली है फिल्म की कहानी

‘बंटवारा १९४७’ की कहानी प्रोफेसर असगर वजाहत के वर्ष १९८९ के नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्याई नई’ पर आधारित है। कहानी भारत के विभाजन के दौर की पृष्ठभूमि में इंसानी रिश्तों, दर्द और बदलती भावनाओं को सामने रखती है।

फिल्म में सनी देओल सिकंदर मिर्जा की भूमिका में नजर आएंगे। विभाजन के बाद उन्हें अपने परिवार के साथ पाकिस्तान जाना पड़ता है। वहां जिस घर में उनका परिवार पहुंचता है, उसमें पहले एक हिंदू परिवार रहा करता था।

कहानी उस बुजुर्ग हिंदू महिला के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है, जो अपना घर छोड़ने के लिए तैयार नहीं होती। समय के साथ सिकंदर मिर्जा और उस महिला के बीच रिश्ता बदलता है और वह महिला उसके लिए मां जैसी बन जाती है। इसके बाद उसके सम्मान और सुरक्षा के लिए सिकंदर पूरे समाज के सामने खड़ा हो जाता है।

‘गदर २’ के बाद मिली फिल्म को नई राह

कई वर्षों तक अटकी इस फिल्म को वर्ष २०२३ में सनी देओल की ‘गदर २’ की सफलता के बाद नई राह मिली। फिल्म की सफलता के बाद आमिर खान ने सनी देओल से मुलाकात की और इस परियोजना में रुचि दिखाई। इसके बाद फिल्म पर काम आगे बढ़ा और राजकुमार संतोषी के निर्देशन में इसकी शूटिंग पूरी हुई।

१४ अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘बंटवारा १९४७’ में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, करण देओल, शबाना आजमी, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म १४ अगस्त २०२६ को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।