सऊदी अरब से भारतीय उमराह यात्रियों की सुरक्षित वापसी के प्रयास तेज

0

नई दिल्ली:  सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमराह यात्रियों की सुरक्षित और जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार लगातार प्रयास कर रही है। विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में लगभग 3,000 ऐसे भारतीय उमराह यात्री उपलब्ध उड़ानों के माध्यम से स्वदेश लौट चुके हैं। इसके अलावा, नियमित यात्रा पर गए 10,000 से अधिक उमराह यात्री भी इसी अवधि में भारत वापस आए हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास संबंधित एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि शेष यात्रियों की वापसी की व्यवस्था जल्द से जल्द की जा सके।

24 घंटे सक्रिय हैं हेल्पलाइन

विदेश मंत्रालय के अनुसार, सऊदी अरब में मौजूद भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास स्थानीय समुदाय के स्वयंसेवकों के सहयोग से हरसंभव मदद उपलब्ध करा रहे हैं। यात्रियों की समस्याओं के समाधान और जरूरी जानकारी देने के लिए 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। भारतीय नागरिकों को स्थिति के अनुसार नियमित एडवाइजरी भी जारी की जा रही हैं।

दमाम एयरपोर्ट पर हमले के बाद बढ़ी चिंता

सऊदी अरब के दमाम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 21 अक्टूबर को हुए हमले के बाद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में एक भारतीय नागरिक और एक सऊदी नागरिक की मौत हुई, जबकि आठ लोग घायल हुए। घायलों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

भारत ने सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने इन हमलों को अस्वीकार्य बताते हुए तत्काल रोकने की मांग की है। भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता की रक्षा के लिए वहां की सरकार और जनता के प्रति एकजुटता भी व्यक्त की है।

भारतीय नागरिकों के लिए जरूरी संपर्क नंबर

सऊदी अरब में सहायता की आवश्यकता होने पर भारतीय नागरिक निम्नलिखित संपर्क माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं:

भारतीय दूतावास, रियाद

  • फोन: +966-554412016, +966-542126784
  • टोल-फ्री नंबर: 8002471234 (केवल सऊदी अरब के भीतर से कॉल के लिए)
  • व्हाट्सऐप: +966-536216082 (केवल संदेश)

भारतीय वाणिज्य दूतावास, जेद्दा

  • फोन: +966-12-2614093, +966-556122301
  • व्हाट्सऐप: +966-536209704 (केवल संदेश)

भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ानों की स्थिति की पुष्टि करें, सऊदी अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा संबंधी घटनाओं की तस्वीरें या वीडियो बनाने तथा उन्हें साझा करने से बचें।