डेस्क : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में चोरी के आरोप में थाने लाए गए 46 वर्षीय अर्जुन यादव की जमानत मिलने के अगले दिन इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि थाने में अर्जुन की अचानक तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर गया था। मामले की जांच एसपी साउथ को सौंपी गई है।
जानकारी के मुताबिक, खजनी थाना क्षेत्र निवासी अर्जुन यादव अंडा बेचने का काम करता था। साइकिल चोरी के एक मामले में पुलिस उसे 13 सितंबर की रात थाने लेकर आई थी। पुलिस के अनुसार, अगले दिन उसकी बेटी साइकिल लेकर थाने पहुंची। इसके बाद शिकायतकर्ता ने तहरीर देने से इनकार कर दिया।
इसी दौरान थाने में अर्जुन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस का कहना है कि अर्जुन खड़ा हुआ और उसे झटका आया, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में चोट लग गई। पुलिस उसे खजनी स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई, लेकिन कथित तौर पर उसने मेडिकल कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद शांतिभंग के आरोप में उसका चालान किया गया। एसडीएम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह घर लौट गया।
घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में सिर में चोट की बात सामने आने की जानकारी दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज में गिरता दिखा युवक
मामले में थाने की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में अर्जुन फर्श से उठता हुआ दिखाई देता है। कुछ ही देर बाद उसके हाथ में कंपन नजर आता है और वह अचानक जमीन पर गिर जाता है। पुलिस का कहना है कि फुटेज से उसके अचानक गिरने की घटना स्पष्ट होती है।
हालांकि, मृतक की बेटी ने पुलिस पर उसके पिता के साथ थाने में मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें छोड़ने के बदले रुपये की मांग की थी। इन आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच एसपी साउथ को सौंपी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








