नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपचुनावों में भाजपा और एनडीए को मिली सफलता पर जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि असम की नगांव लोकसभा सीट और पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम तथा रेजीनगर विधानसभा सीटों के नतीजे दर्शाते हैं कि जनता का भाजपा-एनडीए के सुशासन और विकास के एजेंडे से गहरा जुड़ाव है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी और चुनाव में मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करने वाले एनडीए के सहयोगी दल ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) को भी शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि चुनाव परिणाम जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और उनके कल्याण के लिए काम करने के संकल्प को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए जनता के बेहतर भविष्य तथा समृद्धि के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर भाजपा की हसीरानी रथ ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को बड़े अंतर से हराया। वहीं, रेजीनगर सीट पर भाजपा के शंकररव सरकार ने जीत दर्ज की। असम की नगांव लोकसभा सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार देवाशीष शर्मा ने कांग्रेस से यह सीट छीनने में सफलता हासिल की। पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर एआईएनआरसी के अशोक आनंद विजयी रहे।
इन नतीजों को संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के जनाधार और मतदाताओं के रुझान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








