डेस्क : बाबा रामदेव की ओर से की गई राजनीतिक टिप्पणी पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने पलटवार किया है। दिपके ने कहा कि बाबा रामदेव को लोकतंत्र और राजनीति पर टिप्पणी करने के बजाय अपने ब्रांड के उत्पादों की गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए।
अभिजीत दिपके ने बाबा रामदेव को जवाब देते हुए कहा कि देश की नई पीढ़ी और खासकर जेनरेशन-जी लोकतंत्र को समझने और उसकी जिम्मेदारी संभालने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने के बजाय उन्हें अपनी बात रखने और देश के भविष्य को लेकर निर्णय लेने का अवसर दिया जाना चाहिए।
दिपके इन दिनों अपने संगठन कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर युवाओं को लेकर हुई एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ उनका अभियान धीरे-धीरे एक राजनीतिक और सामाजिक विमर्श का हिस्सा बन गया है। दिपके का कहना है कि युवाओं को केवल सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली पीढ़ी समझना उचित नहीं है, बल्कि वे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बाबा रामदेव और अभिजीत दिपके के बीच हुई यह बयानबाजी ऐसे समय सामने आई है, जब युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका को लेकर बहस तेज है। दिपके ने अपने जवाब के जरिए बाबा रामदेव की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए उन्हें अपने कारोबारी क्षेत्र पर ध्यान देने की सलाह दी है।








