नई दिल्ली : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए बड़ी खबर है। सरकार अक्टूबर में नवरात्रि के दौरान किसानों के खातों में अगली किस्त की राशि ट्रांसफर कर सकती है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी 24वीं किस्त जारी करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 जून 2026 को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी की थी। इस दौरान करीब 9.44 करोड़ किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की गई थी। योजना के तहत पात्र किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये की किस्त दी जाती है।
e-KYC कराना जरूरी
पीएम-किसान योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए e-KYC पूरा करना जरूरी है। जिन किसानों ने अभी तक e-KYC नहीं कराया है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। e-KYC पीएम-किसान पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से की जा सकती है। मोबाइल ऐप में फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर भी e-KYC करा सकते हैं।
e-KYC पूरी होने और पात्रता की अन्य शर्तें पूरी होने पर किस्त की राशि आधार से जुड़े बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर की जाती है।
सालाना मिलते हैं 6,000 रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में यानी प्रत्येक किस्त में 2,000 रुपये के रूप में दी जाती है। योजना की किस्तें चार महीने के अंतराल पर जारी की जाती हैं।
फिलहाल किसानों को 24वीं किस्त की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। सरकार की ओर से तारीख तय होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किसानों के खातों में राशि किस दिन भेजी जाएगी।








