’23 जून जादू लेकर आता है’, पद्मश्री मिलने के बाद रोहित शर्मा ने यूं जाहिर की खुशी

0

[ad_1]

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और अपनी कप्तानी में भारत को टी20 विश्व कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब दिलाने वाले रोहित शर्मा को पिछले 2 दशक में भारतीय क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार शाम को राष्ट्रपति भवन में रोहित शर्मा को सम्मानित किया।

रोहित शर्मा का सोशल मीडिया पोस्ट

रोहित शर्मा ने 23 जून 2007 को भारत के लिए अपना पहला इंटरनेशनल मैच भी खेला था। पद्मश्री अवॉर्ड मिलने के बाद रोहित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाला। उन्होंने लिखा, ’23 जून अपने साथ कई तरह का जादू लेकर आता है। 19 साल पहले, इसकी शुरुआत भारत की कैप मिलने से हुई थी। आज इस कहानी में एक और गर्व भरा अध्याय जुड़ गया है।’

रोहित शर्मा दुनिया के बेहतरीन सलामी बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। तीनों फॉर्मेट में रोहित ने अपनी बल्लेबाजी और कप्तानी में करिश्माई प्रदर्शन किया है। मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में अपने करियर का आगाज करने वाले रोहित ने 2013 से बतौर सलामी बल्लेबाज खेलना शुरू किया था। रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज 23 जून 2007 को आयरलैंड के खिलाफ वनडे से किया था। रोहित ने 19 सितंबर 2007 को टी20 और नवंबर 2013 में टेस्ट में डेब्यू किया था।

रोहित शर्मा का इंटरनेशनल करियर

टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके रोहित ने अपने करियर में अब तक 67 टेस्ट, 285 वनडे और 159 टी20 खेले हैं। टेस्ट में 12 शतक की मदद से 4301 रन, वनडे में 33 शतक और 62 अर्धशतक की मदद से 11720 रन और टी20 में 5 शतक और 32 अर्धशतक की मदद से 4231 रन उनके नाम दर्ज हैं। रोहित शर्मा के नाम वनडे में सबसे ज्यादा दोहरा शतक (3), इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के (653) का रिकॉर्ड है। वनडे में सबसे बड़ी 264 रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड भी रोहित के नाम दर्ज है।

रोहित धोनी के बाद भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। रोहित की कप्तानी में भारत ने एशिया कप, टी20 विश्व कप 2024, और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता। रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम वनडे विश्व कप 2023 का फाइनल भी खेली थी।



[ad_2]