डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत विकास दर हासिल करने पर देशवासियों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की गई एक रील के माध्यम से कहा कि वैश्विक स्तर पर विभिन्न चुनौतियों और अस्थिर परिस्थितियों के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के बाद दुनिया कई तरह की आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों से गुजर रही है। इसके बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल कर अपनी मजबूत आर्थिक स्थिति का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि इस गति को बनाए रखना अब देश की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आत्मनिर्भर भारत पर दिया जोर
पीएम मोदी ने देश की आर्थिक मजबूती के लिए आत्मनिर्भरता और स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए जरूरी है कि भारतीय नागरिक अपनी जरूरतों और खर्च को लेकर सजग रहें। प्रधानमंत्री ने अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने और विदेशों में शादी जैसे आयोजनों को प्राथमिकता न देने की भी अपील की।
सोना खरीदने को लेकर भी सलाह
प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि यदि आवश्यकता न हो तो सोने की खरीद से भी बचना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि देश की पूंजी देश में रहे और उसका उपयोग अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में हो, यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।
विकास की गति बनाए रखने का आह्वान
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में कुछ लोग निराशा फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भारत की जनता अपने परिश्रम और संकल्प के बल पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने देशवासियों से विकास की मौजूदा गति को बनाए रखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है और आने वाली पीढ़ी को एक मजबूत एवं विकसित भारत सौंपने का संकल्प पूरा किया जा सकता है।









