डेस्क : देश में मानसून की रफ्तार कमजोर रहने के बीच सितंबर के मौसम को लेकर भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार सितंबर में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। वहीं, इस वर्ष अगस्त 1901 के बाद सबसे गर्म अगस्त के रूप में दर्ज किया गया है।
आईएमडी के मुताबिक सितंबर में देशभर में औसत बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। सितंबर में सामान्य वर्षा 167.9 मिलीमीटर मानी जाती है। हालांकि उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, पूर्व, पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मानसून सीजन में अब तक 13.8 फीसदी कम बारिश
मानसून के शुरुआती तीन महीनों में देशभर में सामान्य से 13.8 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य 556.2 मिलीमीटर के मुकाबले 421.6 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार दक्षिण भारत में बारिश की कमी सबसे अधिक रही है। यहां सामान्य से 24.2 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। पूर्वोत्तर भारत में 25.7 फीसदी, उत्तर-पश्चिम भारत में 10.7 फीसदी और मध्य भारत में 3.8 फीसदी कम वर्षा हुई है।
अगस्त में भी बारिश रही कम
अगस्त में देशभर में सामान्य से कम बारिश हुई। महीने में सामान्य 190.7 मिलीमीटर के मुकाबले 139.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 16.3 फीसदी कम है। दक्षिण भारत में बारिश की कमी 27.1 फीसदी रही। इसके अलावा पूर्वोत्तर में 16.9 फीसदी, मध्य भारत में 16.2 फीसदी और उत्तर-पश्चिम भारत में 9.5 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई।
1901 के बाद सबसे गर्म अगस्त
बारिश की कमी के साथ अगस्त में तापमान ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। आईएमडी के अनुसार अगस्त में देश का औसत तापमान 28.01 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.67 डिग्री अधिक है। यह 1901 के बाद अगस्त महीने का सबसे अधिक औसत तापमान है।
अगस्त में औसत न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.68 डिग्री अधिक रहा, जबकि अधिकतम औसत तापमान में सामान्य के मुकाबले 0.65 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने सितंबर में भी देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई है। ऐसे में मानसून की कमी के साथ बढ़ता तापमान आने वाले दिनों में मौसम की चुनौती बढ़ा सकता है।









