नोएडा के पीजी में भीषण आग, 100 से अधिक लोगों की बचाई गई जान

0

नोएडा : नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित एक पीजी भवन में बुधवार को भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय इमारत में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर 100 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग इमारत की पार्किंग से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया। घने धुएं के कारण कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए, जिन्हें दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों और अन्य बचाव उपकरणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला।

राहत एवं बचाव अभियान के दौरान दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद पुलिस ने भवन की सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्निशमन मानकों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही के संकेत मिलने पर पीजी संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच भी जारी है।