नई दिल्ली : भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार लाल किले की प्राचीर से ‘वंदे मातरम’ का गायन होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह के इतिहास में यह पहली बार होगा जब लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ प्रस्तुत किया जाएगा।
15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इस बार समारोह के क्रम में बदलाव किया गया है। प्रधानमंत्री के पहुंचने के बाद सबसे पहले ‘वंदे मातरम’ प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और फिर राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन होगा।
‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर
इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगीत को विशेष स्थान दिया गया है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस साल समारोह की थीम ‘युवा शक्ति- विकसित भारत की यात्रा का नेतृत्व’ रखी गई है। इसमें देश के विकास में युवाओं की भूमिका को प्रमुखता दी जाएगी।
युवाओं को सम्मानित करेंगे प्रधानमंत्री
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन युवाओं को सम्मानित करेंगे, जो 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान दे रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए दिल्ली में सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी, फेस रिकग्निशन और ड्रोन डिटेक्शन सिस्टम के जरिए निगरानी की जाएगी।
‘वंदे मातरम’ को लाल किले की प्राचीर से समारोह का हिस्सा बनाया जाना इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस आयोजन का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है।








