स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में 15 से 19 अगस्त तक खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में होगा। इससे पहले खेले गए तीन दिवसीय अभ्यास मैच में भारत ने श्रीलंका क्रिकेट इलेवन को छह विकेट से हराकर अपनी तैयारियों का मजबूत संकेत दिया।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार रहा है। भारत पिछले 11 वर्षों से श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में अजेय है। आखिरी बार 2015 में श्रीलंका ने भारत को टेस्ट मैच में हराया था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 10 टेस्ट खेले गए, जिनमें भारत ने आठ मुकाबले जीते, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे।
42 टेस्ट में 22 जीत
भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 42 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। इनमें भारतीय टीम ने 22 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका को सिर्फ सात मैचों में जीत मिली। दोनों टीमों के बीच 17 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।
गॉल में पिछली हार की याद
हालांकि, भारतीय टीम के लिए गॉल का मैदान पिछली हार की याद भी लेकर आया है। 2015 में श्रीलंका ने भारत को इसी मैदान पर हराया था। उस मुकाबले में मौजूदा भारतीय टीम से केवल केएल राहुल खेले थे। राहुल ने पहली पारी में सात और दूसरी पारी में चार रन बनाए थे। वहीं विराट कोहली और शिखर धवन ने पहली पारी में शतक जड़े थे।
अब 11 साल बाद भारतीय टीम उसी मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत करेगी। एक ओर भारत की नजर अपने अजेय रिकॉर्ड को बरकरार रखने पर होगी, वहीं श्रीलंकाई टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर इस सिलसिले को तोड़ना चाहेगी।








