राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार को घेरा, मोदी और शाह पर भी लगाए गंभीर आरोप

0

डेस्क : चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ज्ञानेश कुमार मिलकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके खिलाफ जांच की बात भी कही।

राहुल गांधी ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सामने आ रहे विवादों का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम हटाने की प्रक्रिया के जरिए मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है।

ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग

राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को पद से हटकर जांच में सहयोग करना चाहिए। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ भी जांच की मांग की।

एसआईआर को लेकर विपक्ष का अभियान तेज

एसआईआर को लेकर विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने हाल ही में बैठक कर चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर देशव्यापी अभियान चलाने का ऐलान किया है। विपक्ष ने दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च निकालने और छह अक्टूबर को चुनाव आयोग तक मार्च करने की घोषणा की है।

विपक्षी दलों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी दोहराई है। दूसरी ओर, भाजपा ने राहुल गांधी और विपक्ष के चुनाव आयोग पर लगाए आरोपों को खारिज किया है। भाजपा की ओर से कहा गया है कि चुनाव आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं और विपक्ष के आरोपों का आधार स्पष्ट नहीं है।

एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जारी यह राजनीतिक विवाद आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।