बेटे के इलाज में 35 लाख खर्च, पत्नी ने मांगे एक करोड़; तलाक और कर्ज से परेशान इंजीनियर ने दी जान

0

डेस्क : नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन की मौत के मामले में जांच के दौरान उनकी पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, संभव पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। तलाक, बच्चे के इलाज पर हुआ भारी खर्च और कर्ज जैसी परेशानियों को मामले की जांच में संभावित कारणों के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, उनकी मौत की वास्तविक वजह की जांच अभी जारी है।

पुलिस के मुताबिक, संभव जैन मानेसर निवासी थे और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। वह शुक्रवार को सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा की स्पायरा इमारत में एक होटल से जुड़े आवास में ठहरे थे। इससे पहले वह करीब तीन दिन तक घर से दूर रहे और अलग-अलग जगहों पर ठहरे थे।

पत्नी और बच्चे के इलाज पर खर्च हुए लाखों

जांच में सामने आया है कि संभव की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। शादी के बाद उनके बच्चे का जन्म समय से पहले हुआ था। बच्चे और पत्नी के इलाज पर परिवार को करीब 30 से 35 लाख रुपये खर्च करने पड़े। इस खर्च को पूरा करने के लिए संभव ने कर्ज भी लिया था।

बाद में पति-पत्नी के रिश्तों में तनाव बढ़ गया और दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया शुरू हो गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि तलाक से जुड़ा आर्थिक समझौता और गुजारा भत्ता उनकी मानसिक परेशानी का कितना बड़ा कारण था।

पिता से हुई बातचीत भी जांच का हिस्सा

पुलिस को संभव और उनके पिता के बीच हुई बातचीत भी मिली है। बातचीत में आर्थिक परेशानी और कर्ज का जिक्र सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पिता ने उन्हें घर लौटने के लिए कहा था, लेकिन संभव ने लौटने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कर्ज चुकाने की बात भी कही थी।

पुलिस को उनके मोबाइल से एक वीडियो भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानियों का जिक्र किया था। जांच अधिकारी मोबाइल में मौजूद संदेशों, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना से पहले उनकी मानसिक स्थिति कैसी थी।

बचाने की कोशिश कर रहे थे लोग

शनिवार सुबह सुपरनोवा की ऊंची इमारत में मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। पास के एक फ्लैट में काम कर रहे एसी तकनीशियनों ने उन्हें बालकनी के किनारे देखा और वापस आने के लिए समझाया। पुलिस के अनुसार, संभव ने उस दौरान खुद को अवसाद में होने की बात कही थी। बचाने की कोशिशों के बावजूद वह नीचे गिर गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और इमारत की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पारिवारिक विवाद, आर्थिक दबाव, कर्ज और मानसिक तनाव से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।