नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 28 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी आशंका है।
यूपी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम के इस मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिहार-झारखंड में भी बिगड़ेगा मौसम
बिहार, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। बिहार में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मौसम ज्यादा खराब रहने की आशंका है। यहां तेज हवाओं के साथ तूफानी परिस्थितियां बन सकती हैं और हवा की रफ्तार करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज तेज बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी बारिश
कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ में बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, रायलसीमा और केरल के कई हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए भारी बारिश और आंधी वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है।








