आज फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

0

डेस्क : मानसून की सक्रियता के बीच आज 13 अगस्त को देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र का असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। इसके चलते आज देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

यूपी में बारिश के साथ आंधी-बिजली का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आज बारिश होने का अनुमान है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में आंधी के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में तेज बारिश

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में आज तेज बारिश देखने को मिल सकती है। मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के अलावा छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

बिहार समेत पूर्वी भारत में बारिश का असर

बिहार समेत पूर्वी भारत के कई राज्यों में आज मौसम सक्रिय रहेगा। ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। झारखंड, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दिन के दौरान हल्की बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। हालांकि दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।

दक्षिण भारत में भी बारिश का अनुमान

दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी आज बारिश जारी रह सकती है। तटीय कर्नाटक, केरल, माहे और लक्षद्वीप में भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने आंधी और बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों पर जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है।