आज कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

0

डेस्क : देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज 14 अगस्त को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में बारिश का असर अधिक रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, तटीय पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्र में बना मौसम तंत्र उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, झारखंड और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

हिमाचल और उत्तराखंड में भी भारी बारिश

पहाड़ी राज्यों में भी मानसून का असर बना रहेगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 14 से 19 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में आज और 15 अगस्त को बारिश होने के आसार हैं।

यूपी और राजस्थान में भी बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में आज और 15 अगस्त को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान में आज व्यापक बारिश का अनुमान है। मध्य प्रदेश, विदर्भ, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR में छाए रहेंगे बादल

दिल्ली-NCR में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट आने की उम्मीद है, हालांकि उमस बनी रह सकती है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कई इलाकों में जलभराव का खतरा

भारी बारिश के कारण ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में जलभराव और अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा होने की आशंका है। झारखंड और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश के चलते स्थानीय स्तर पर जलभराव हो सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।