अगस्त में 14 दिन बंद रहेंगे बैंक, छुट्टियों की सूची देखकर ही जाएं शाखा

0

डेस्क : अगस्त 2026 में देशभर में बैंक शाखाओं पर छुट्टियों की भरमार रहेगी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के अवकाश कैलेंडर के अनुसार अगस्त में अलग-अलग राज्यों में त्योहारों और क्षेत्रीय पर्वों के कारण बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा रविवार तथा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार की नियमित छुट्टियां भी रहेंगी। कुल मिलाकर अगस्त में बैंकिंग अवकाश की संख्या 14 दिन तक पहुंच सकती है।

हालांकि, ये सभी छुट्टियां देशभर के बैंकों पर एक साथ लागू नहीं होंगी। बैंक अवकाश अलग-अलग राज्यों और शहरों में मनाए जाने वाले त्योहारों के आधार पर तय होते हैं। इसलिए ग्राहकों को अपने क्षेत्र की छुट्टी की तारीख देखकर ही बैंक शाखा जाने की योजना बनानी चाहिए।

अगस्त में 4 अगस्त को त्रिपुरा में केर पूजा, 8 अगस्त को सिक्किम में टेंडोंग ल्हो रम फात और 13 अगस्त को मणिपुर में पैट्रियट्स डे के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे। 19 अगस्त को त्रिपुरा में महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर की जयंती के कारण अवकाश रहेगा।

इसके बाद 25 और 26 अगस्त को मिलाद-उन-नबी, फर्स्ट ओणम और थिरुवोणम जैसे पर्वों के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। 28 अगस्त को रक्षाबंधन, पांग-ल्हाबसोल, श्री नारायण गुरु जयंती और अय्यंकाली जयंती के चलते विभिन्न राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी

बैंक शाखाओं के बंद रहने के बावजूद ग्राहकों के लिए इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहेंगी। ऐसे में जिन कामों के लिए शाखा जाना जरूरी है, उन्हें छुट्टी से पहले निपटाना बेहतर होगा।

बैंक ग्राहकों को सलाह दी गई है कि चेक जमा करने, पासबुक अपडेट कराने, डिमांड ड्राफ्ट अथवा अन्य शाखा संबंधी कार्यों के लिए पहले से अवकाश कैलेंडर देख लें। छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन लेनदेन जारी रहने के कारण रोजमर्रा के अधिकांश डिजिटल बैंकिंग काम प्रभावित नहीं होंगे।