कैकेयी बनीं लारा दत्ता तो लोगों ने पकड़ लिया ये ‘मॉडर्न’ लुक, बोले- ‘डेली सोप जैसा’

0

डेस्क : लंबे समय से चर्चा में बनी हुई निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 30 जुलाई को रिलीज कर दिया गया। फिल्म के ट्रेलर में राजा दशरथ, भगवान राम और माता सीता समेत कई प्रमुख किरदारों की पहली झलक देखने को मिली। ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म के लुक और किरदारों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा अभिनेत्री लारा दत्ता के कैकेयी वाले लुक की हो रही है।

कैकेयी के लुक पर उठे सवाल

फिल्म में लारा दत्ता राजा दशरथ की पत्नी और भगवान राम की सौतेली मां कैकेयी की भूमिका निभा रही हैं। ट्रेलर में वह उस महत्वपूर्ण प्रसंग में नजर आती हैं, जब कैकेयी राजा दशरथ से राम को 14 वर्ष का वनवास देने का वरदान मांगती हैं।

लारा दत्ता के किरदार को पारंपरिक बॉर्डर वाली साड़ी में दिखाया गया है। उनके बालों की स्टाइलिंग और पूरे लुक को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स का एक वर्ग सवाल उठा रहा है। कई लोगों का कहना है कि कैकेयी का लुक उन्हें प्राचीन काल के बजाय आधुनिक दौर का ज्यादा दिखाई दे रहा है।

‘त्रेता युग है या साल 2026?’

ट्रेलर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने लारा दत्ता के लुक को लेकर नाराजगी जताई। एक यूजर ने टिप्पणी की, ‘मॉडर्न साड़ी, सैलून स्टाइल बाल… ये त्रेता युग है या साल 2026?’

एक अन्य यूजर ने फिल्म की प्रस्तुति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह किसी बड़े बजट की फिल्म के बजाय टीवी सीरियल जैसी लग रही है। वहीं, कुछ लोगों ने महिलाओं की स्टाइलिंग को लेकर भी आपत्ति जताई। एक यूजर ने लिखा कि किरदारों का लुक काफी आधुनिक रखा गया है और इससे फिल्म की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का प्रभाव कम होता दिखाई देता है।

कुछ यूजर्स ने इसकी तुलना टीवी के डेली सोप से भी की। एक टिप्पणी में कहा गया कि ऐसा लग रहा है जैसे किसी डेली सोप का स्क्रीनशॉट देख रहे हों। वहीं, एक अन्य यूजर ने लारा दत्ता के लुक को लेकर कहा कि इसमें ‘त्रेता युग वाली वाइब’ नजर नहीं आ रही है।

कुछ लोगों ने किया लारा दत्ता के लुक का बचाव

हालांकि सोशल मीडिया पर सभी लोग लारा दत्ता के लुक से नाराज नहीं हैं। कुछ यूजर्स ने आलोचना को ही सवालों के घेरे में खड़ा किया है। उनका कहना है कि त्रेता युग के वास्तविक पहनावे और हेयरस्टाइल को लेकर आज के समय में निश्चित दावे करना आसान नहीं है।

एक यूजर ने लिखा, ‘क्या आप लोग त्रेता युग में थे? आपको कैसे पता कि उस दौर में ऐसी साड़ी नहीं पहनी जाती थी।’ एक अन्य यूजर ने कहा कि लारा दत्ता का लुक गलत बताने के पीछे कोई ठोस आधार नहीं है।

फिलहाल ‘रामायण’ के ट्रेलर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। जहां एक ओर फिल्म के भव्य विजुअल्स और किरदारों की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर कलाकारों की वेशभूषा और लुक को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शकों की यह प्रतिक्रिया किस दिशा में जाती है।