डेस्क : विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयसस ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था में हुई प्रगति, विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा तपेदिक (TB) के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान डब्ल्यूएचओ प्रमुख ने भारत द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने मातृ एवं बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार तथा टीबी की रोकथाम और उन्मूलन की दिशा में भारत की पहलों को महत्वपूर्ण बताया।
भारत लंबे समय से टीबी के खिलाफ व्यापक अभियान चला रहा है। बीमारी की पहचान, उपचार तक पहुंच बढ़ाने, पोषण संबंधी सहायता और तकनीक के इस्तेमाल के जरिए टीबी के मामलों को कम करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। वहीं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए कई स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों और भारत तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन के बीच सहयोग को और मजबूत करने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। स्वास्थ्य क्षेत्र में भारत के अनुभव और बड़े पैमाने पर संचालित कार्यक्रमों को वैश्विक स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
डब्ल्यूएचओ प्रमुख की ओर से भारत की स्वास्थ्य संबंधी उपलब्धियों की सराहना ऐसे समय में हुई है, जब देश सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।








