डेस्क : बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की राष्ट्रीय समन्वयक और मायावती के भतीजे आकाश आनंद एक बार फिर सक्रिय राजनीतिक भूमिका में नजर आएंगे। वह 10 अगस्त को हाथरस के सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसी दौरान वह बसपा उम्मीदवार के नाम की घोषणा भी करेंगे।
बसपा की ओर से बताया गया है कि आकाश आनंद सादाबाद सीट से अविन शर्मा को पार्टी का उम्मीदवार घोषित करेंगे। इसके अलावा जेवर में भी उनका एक कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसकी तारीख और अन्य जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने मंडलीय बैठकों पर जोर देते हुए पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने विभिन्न विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
बसपा अब तक करीब 10 उम्मीदवारों के नाम तय कर चुकी है। इनमें भीखमपुर, अकबरपुर, सुल्तानपुर, पुरकाजी, सहारनपुर देहात, कानपुर देहात, मऊ गोहना और हापुड़ समेत कई सीटें शामिल हैं। अब पार्टी वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जनसभाओं के जरिए उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।
पार्टी का लक्ष्य आगामी चुनाव में अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करना है। मायावती लगातार कानून-व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साध रही हैं। वहीं, आकाश आनंद समेत अन्य नेताओं की सक्रियता बढ़ाकर बसपा अपने पक्ष में राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। पार्टी की रणनीति अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने के साथ-साथ अन्य सामाजिक समूहों में भी अपनी पहुंच बढ़ाने की है।








