जब फैन ने निरहुआ को काट लिया और रानी चटर्जी पर बरसे पत्थर, भोजपुरी सितारों ने खोले पुराने राज

0

मनोरंजन डेस्क: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने अपने फैन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर ‘भोजपुरी बवाल’ के सेट पर मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। वहीं, अभिनेत्री रानी चटर्जी ने भी अपने करियर के दौरान फैंस की दीवानगी का एक चौंकाने वाला अनुभव बताया।

दरअसल, जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रहे रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में इस बार भोजपुरी सिनेमा के कई बड़े सितारे एक साथ नजर आए। शो के दौरान होस्ट कृष्णा अभिषेक ने कलाकारों से पूछा कि वे अपनी बड़ी फैन फॉलोइंग को किस तरह संभालते हैं।

इस सवाल के जवाब में निरहुआ ने बताया कि एक बार वह अपने एक फैन से मिले थे। फैन उनसे हाथ मिलाकर बेहद खुश हुआ, लेकिन इसके बाद उसने उनके हाथ पर ही काटना शुरू कर दिया। निरहुआ ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद फैन ने सोचा होगा कि वह थोड़ा-सा ‘निरहुआ’ अपने साथ रख ले।

निरहुआ ने इसी दौरान अपनी सुपरहिट फिल्म ‘निरहुआ रिक्शावाला’ की शूटिंग का एक पुराना किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के पहले दिन जब पाखी हेगड़े रिक्शे पर आकर बैठीं, तब वहां मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति ने उन्हें चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने उन्हें गिराया तो वह उन्हें मारेंगे।

रवि किशन के साथ शूटिंग में बरसे थे पत्थर

निरहुआ की कहानी के बाद रानी चटर्जी ने भी अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि बिहार में उनकी फिल्मों की शूटिंग के दौरान कई बार मुश्किल परिस्थितियां सामने आईं। रानी के मुताबिक, रवि किशन के साथ एक फिल्म की शूटिंग के दौरान वे लोगों से नहीं मिलीं, लेकिन रात में लोगों ने उन पर पत्थर बरसाए।

शो में इस घटना का जिक्र सुनकर बाकी कलाकार भी चौंक गए। रानी ने यह भी बताया कि भोजपुरी कलाकारों को अपनी लोकप्रियता के साथ-साथ फैंस के अलग-अलग तरह के व्यवहार का सामना करना पड़ता है।

ट्रोलिंग पर भी कलाकारों ने दिया जवाब

‘भोजपुरी बवाल’ के इस एपिसोड में कलाकारों ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर भी खुलकर बात की। रानी चटर्जी ने अपने वजन को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर जवाब देते हुए कहा कि किसी को नहीं पता कि कोई महिला किन परिस्थितियों से गुजर रही है और वह अपनी सेहत को दूसरों की बातों के लिए खराब नहीं करेंगी।

वहीं आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और पाखी हेगड़े ने भी सोशल मीडिया पर मिलने वाली टिप्पणियों और सवालों का अपने अंदाज में जवाब दिया। एपिसोड के अंत में निरहुआ और कृष्णा अभिषेक के बेली डांस ने माहौल को और भी मनोरंजक बना दिया।