डेस्क : देश के कई हिस्सों में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत करीब 25 राज्यों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के दौरान इसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
यूपी में बारिश के साथ आंधी का असर
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है। पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है, जबकि पूर्वी हिस्सों में भी 10 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है।
बिहार में भी बदलेगा मौसम
बिहार में बुधवार को कई स्थानों पर बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में 7 से 10 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश जारी रह सकती है। बुधवार को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में बादल और बारिश
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बुधवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने 7 से 12 अक्टूबर के बीच दिल्ली में छिटपुट बारिश की संभावना जताई है।
पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम सक्रिय रहेगा। कई स्थानों पर बारिश होने तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।








