नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया है। वह मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह के स्थान पर 31 अक्टूबर 2026 को वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे। वर्तमान में एयर मार्शल दीक्षित वायुसेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख होंगे। करीब चार दशक के अपने सैन्य करियर में उन्होंने लड़ाकू विमान पायलट, प्रशिक्षक और परीक्षण पायलट के तौर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्हें विभिन्न लड़ाकू विमानों पर 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है।
एयर मार्शल दीक्षित ने अपने करियर के दौरान ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर समेत कई महत्वपूर्ण अभियानों और सैन्य अभ्यासों में भूमिका निभाई है। उन्होंने मिराज-2000, मिग-21, मिग-29, जगुआर, हॉक और तेजस जैसे विमानों पर उड़ान भरी है।
वह एक योग्य फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट भी हैं। अपने सैन्य करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण परिचालन और प्रशिक्षण इकाइयों की कमान संभाली। इसके अलावा वह सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ और चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ जैसे अहम पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं।
उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, विशिष्ट सेवा पदक और वायु सेना पदक से सम्मानित किया जा चुका है। नए वायुसेना प्रमुख के रूप में उनके सामने वायुसेना के आधुनिकीकरण, स्वदेशी रक्षा तकनीक को बढ़ावा देने और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों के लिए बल को तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।







