दिल्ली में मोडल मुस्कान मर्डर से सनसनी, घर में चाकू से गोदकर हत्या

0

नई दिल्ली :  राजधानी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय युवती मुस्कान की उसके घर के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतका स्टूडेंट होने के साथ मॉडलिंग भी करती थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोप उसके परिचित जिम ट्रेनर इमरान पर है, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। मुस्कान अपने घर की दूसरी मंजिल पर अकेली थी, तभी आरोपी कथित तौर पर घर में पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। मुस्कान गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी और मुस्कान एक-दूसरे को कुछ समय से जानते थे। घटना के बाद इमरान मौके से फरार हो गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि वह तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसके मुताबिक, मुस्कान की बहनों ने पहले भी इमरान पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया था। इसी वजह से हत्या के बाद परिवार और परिचितों का शक इमरान पर गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस फिलहाल हत्या के कारण और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।