गर्मी से राहत, लेकिन बढ़ी मुसीबत; उत्तर भारत में तेज बारिश और तूफान की चेतावनी

0

[ad_1]

डेस्क : देश के उत्तरी हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ गई हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कई क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर में लगातार दूसरे दिन तेज आंधी और बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। आईएमडी ने क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है।

उत्तर प्रदेश में लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा समेत 22 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।

बिहार में भी मौसम विभाग ने कई जिलों में वर्षा की संभावना जताई है। पटना और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि मुंगेर और बांका सहित कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आईएमडी के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और वज्रपात की भी आशंका है।

मौसम विभाग का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने और मानसूनी प्रणाली के आगे बढ़ने से उत्तर भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और जलभराव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

[ad_2]