डेस्क : देश में आगामी जनगणना के दौरान जातिगत आंकड़े जुटाने की तैयारी के बीच सरकार के सामने इसकी प्रक्रिया को लेकर दो प्रमुख विकल्प सामने हैं। सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि लोगों से उनकी जाति का नाम स्वतंत्र रूप से दर्ज कराया जाए या फिर उन्हें पहले से तैयार सूची में से अपनी जाति का चयन करने का विकल्प दिया जाए।
पहले विकल्प के तहत ओपन-एंडेड फॉर्मेट में लोग अपनी जाति का नाम स्वयं दर्ज कर सकेंगे। हालांकि, वर्ष 2011 में सामाजिक-आर्थिक एवं जाति जनगणना के दौरान सामने आई समस्याओं के कारण इस व्यवस्था को लेकर आशंकाएं हैं। उस समय अलग-अलग नामों, स्थानीय पहचान और वर्तनी में अंतर के चलते बड़ी संख्या में अलग-अलग जातिगत नाम दर्ज हुए थे, जिससे आंकड़ों को व्यवस्थित करना चुनौतीपूर्ण हो गया था।
दूसरे विकल्प के तहत ड्रॉप-डाउन मेन्यू के माध्यम से पहले से मान्यता प्राप्त और अधिसूचित जातियों की सूची में से चयन कराया जा सकता है। इसके लिए केंद्र और राज्यों की जाति सूचियों को मिलाकर एक डिजिटल सूची तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में जातियों के नाम और वर्गीकरण अलग होने के कारण इस व्यवस्था को लागू करना भी आसान नहीं होगा।
जाति जनगणना को लेकर सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी बहस जारी है। जातिगत आंकड़ों से विभिन्न सामाजिक समूहों की आबादी और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है। वहीं, जाति की पहचान, सूचियों में अंतर और आंकड़ों की शुद्धता जैसे मुद्दे सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऐसी प्रक्रिया तैयार करने की है, जिसमें जातिगत आंकड़े सही और विश्वसनीय तरीके से एकत्र किए जा सकें और भविष्य में नीतियां बनाने के लिए उनका प्रभावी इस्तेमाल हो सके।








