कंगना के ‘गटरछाप Gen-Z’ बयान पर सियासी घमासान, बाबा रामदेव ने भी उठाए सवाल

0

डेस्क  :  बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के Gen-Z को लेकर दिए गए बयान पर योग गुरु बाबा रामदेव ने नाराजगी जताई है। कंगना ने Gen-Z के एक वर्ग को ‘Generation Gutter’ कहा था। उनके इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रामदेव ने कहा कि देश के युवाओं को इस तरह संबोधित करना उचित नहीं है।

एक इंटरव्यू में बाबा रामदेव ने कहा कि युवा किसी एक वर्ग या समुदाय से नहीं आते। देश के हर घर का बच्चा युवा पीढ़ी का हिस्सा है। ऐसे में पूरी युवा पीढ़ी को ‘गटर’ कहना सही नहीं माना जा सकता। उन्होंने कंगना के पुराने बयानों और उनके सार्वजनिक जीवन का भी जिक्र करते हुए कहा कि किसी दूसरे पर टिप्पणी करने से पहले व्यक्ति को अपने जीवन और अपने कामों पर भी नजर डालनी चाहिए।

‘बिगड़े हुए दिमाग की निशानी’

रामदेव ने कंगना की टिप्पणी पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देश के युवाओं को गटर कहना मानसिकता की समस्या को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि युवा देश की ताकत हैं और उनके बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

पार्टी को लेना चाहिए संज्ञान

बाबा रामदेव ने इस मामले में बीजेपी को भी संज्ञान लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का किसी पार्टी से जुड़ा होना उसके हर बयान को सही नहीं बना देता। गलत बात को गलत कहने की जरूरत है, चाहे वह कोई भी व्यक्ति कह रहा हो।

कंगना ने दी थी सफाई

कंगना रनौत की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में विवाद खड़ा हो गया था। आलोचना बढ़ने के बाद कंगना ने सफाई देते हुए कहा था कि उनकी टिप्पणी पूरी Gen-Z के लिए नहीं थी, बल्कि वह एक खास वर्ग और उसके व्यवहार को लेकर टिप्पणी कर रही थीं।

बाबा रामदेव की प्रतिक्रिया के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।