कितनी बार समझाएं?’ कश्मीर के दावे पर भारत ने मीम से घेरा पाकिस्तान

0

नई दिल्ली :  जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को लेकर पाकिस्तान की ओर से बार-बार किए जा रहे दावों पर भारत ने इस बार अलग अंदाज में जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने सोशल मीडिया पर एक मीम साझा करते हुए पाकिस्तान के झूठे प्रचार पर निशाना साधा और साफ संदेश दिया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न एवं अविभाज्य हिस्से हैं।

विदेश मंत्रालय की फैक्ट चेक यूनिट ने बुधवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अमेरिका के चर्चित एनिमेटेड पॉलिटिकल सैटायर शो ‘साउथ पार्क’ का एक वायरल मीम साझा किया। मीम में लिखा था, “यह बात तुम्हें कितनी बार समझानी पड़ेगी?”। पोस्ट के साथ MEA ने लिखा, “जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को लेकर फैलाए जा रहे लगातार झूठ पर भारत ऐसा ही सोचता है।” यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।

पीओके को लेकर पाकिस्तान पर साधा निशाना

विदेश मंत्रालय ने अपने पोस्ट के जरिए एक बार फिर भारत का आधिकारिक रुख दोहराते हुए कहा कि पूरा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा है। इसमें पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला क्षेत्र भी शामिल है।

MEA ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में कराए जा रहे चुनावों पर भी सवाल उठाए। मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा अवैध कब्जे वाले क्षेत्र में कराया जा रहा चुनाव केवल दिखावा है। भारत ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान इन गतिविधियों के जरिए अपने अवैध कब्जे को छिपाने और वहां हो रहे मानवाधिकार उल्लंघनों से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है।

भारत ने कहा कि PoK में जारी बड़े पैमाने के विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान की दशकों पुरानी नीतियों का परिणाम हैं। वहां के लोगों का आर्थिक शोषण किया गया, उनके मौलिक अधिकारों को सीमित किया गया और प्रशासनिक स्तर पर दमन किया गया, जिसके कारण लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट पर भी भारत ने जताई आपत्ति

इससे पहले अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास ने न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के शीर्षक पर आपत्ति जताई थी। दूतावास ने इसे भ्रामक बताते हुए कहा था कि “पाकिस्तानी कश्मीर” जैसी कोई जगह नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला कश्मीर है।

भारतीय दूतावास ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हमेशा से भारत का अभिन्न एवं अविभाज्य हिस्सा रहे हैं और आगे भी रहेंगे। दूतावास ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान ने इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों पर अवैध कब्जा कर रखा है और अब वहां के लोगों के खिलाफ बल प्रयोग किया जा रहा है।

भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यह स्पष्ट करता रहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को लेकर उसकी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट है और पाकिस्तान के दावों को वह खारिज करता है।