कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 132 लोगों की मौत; 570 घायल

0

डेस्क : कोलंबिया में सोमवार सुबह आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। भूकंप के कारण कम से कम 132 लोगों की मौत हो गई, जबकि 570 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कोलंबियाई एसोसिएशन ऑफ कैपिटल सिटीज ने यह जानकारी दी है। संस्था ने राष्ट्रपति की अध्यक्षता में हुई आपदा प्रबंधन बैठक में भी हिस्सा लिया।

सबसे अधिक नुकसान परेइरा शहर में हुआ है, जहां अकेले 60 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। देश की पांच राजधानी शहरों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। करीब 86 इमारतों के ढहने की सूचना है, जबकि सात हवाई अड्डों पर परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

करीब पांच लाख की आबादी वाला परेइरा भूकंप के केंद्र से 64 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है। भूकंप के तेज झटके राजधानी बोगोटा समेत देश के कई हिस्सों में महसूस किए गए। बोगोटा में कई इमारतों के अलार्म बजने के बाद लोग एहतियातन सड़कों पर निकल आए।

राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला के अनुसार, देशभर में 1,577 आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 37 इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। 60 से अधिक इमारतों के ढहने के अलावा 18 स्वास्थ्य केंद्रों और 52 स्कूलों को भी नुकसान पहुंचा है।

रिसाराल्दा सबसे अधिक प्रभावित

पश्चिम-मध्य कोलंबिया का रिसाराल्दा प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। रिसाराल्दा के गवर्नर जुआन डिएगो पातिनो ने रेडियो स्टेशन ब्लूराडियो से बातचीत में क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नुकसान की पुष्टि की।

राष्ट्रपति ने स्थिति से निपटने के लिए आपातकालीन समिति गठित की है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने राहत और बचाव अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने का भी भरोसा दिलाया।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:34 बजे आया। इसका केंद्र कोलंबिया के चोको क्षेत्र में सैन जोसे डेल पालमार के निकट था, जो राजधानी बोगोटा से करीब 280 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। भूकंप की गहराई करीब 107 किलोमीटर दर्ज की गई।

चोको की गवर्नर नुबिया कैरोलिना कोरडोबा कुरी ने बताया कि क्षेत्रीय राजधानी क्विब्डो में कई लोग घायल हुए हैं और इमारतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने भूकंप के बाद आने वाले संभावित झटकों को लेकर भी चिंता जताई।

बोगोटा से राहत सामग्री और बचाव दल भेजने की तैयारी

बोगोटा के मेयर कार्लोस एफ. गैलान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि प्रभावित शहरों के लिए राहत सामग्री जुटाने के वास्ते छह संग्रह केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पीने का पानी, कंबल, चटाइयां, गैर-नाशवान खाद्य सामग्री, स्वच्छता संबंधी सामान और प्राथमिक उपचार सामग्री एकत्र की जा रही है।

गैलान ने बताया कि बोगोटा में फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों में खोज एवं बचाव अभियान में मदद के लिए बोगोटा से 100 बचावकर्मियों को भेजने की तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों तक राहत जल्द से जल्द पहुंचाने और बचाव कार्यों में हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।