कूटनीति के बीच बॉलीवुड का सुर, पियानो पर गाने लगे मलेशियाई पीएम

0

नई दिल्ली :  18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम का एक अलग अंदाज देखने को मिला। सम्मेलन से इतर आयोजित एक कार्यक्रम में अनवर इब्राहिम ने पियानो बजाया और बॉलीवुड के लोकप्रिय गीत गाकर वहां मौजूद लोगों का मनोरंजन किया।

अनवर इब्राहिम ने हिंदी सिनेमा के चर्चित गीत ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ और ‘दोस्त दोस्त ना रहा’ जैसे सदाबहार नगमे गाए। पियानो पर गीतों की धुन बजाते हुए वह काफी सहज और उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी उनके इस अंदाज का आनंद लिया।

अनवर इब्राहिम ने इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो सामने आने के बाद उनका यह अंदाज चर्चा का विषय बन गया। कूटनीतिक बैठकों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के बीच उनका संगीत के प्रति प्रेम भारत और मलेशिया के सांस्कृतिक जुड़ाव की एक खूबसूरत झलक के तौर पर भी देखा गया।

गौरतलब है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अनवर इब्राहिम के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। दोनों नेताओं ने भारत-मलेशिया संबंधों को और मजबूत करने के साथ व्यापार, निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।