कठुआ में सीआईएसएफ कैंप में फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार जवानों की मौत

0

डेस्क : जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार शाम केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के शिविर में हुई गोलीबारी में चार जवानों की मौत हो गई। मृतकों में एक असिस्टेंट कमांडेंट, एक सब-इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबल शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवानों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी। घटना के बाद आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है।

यह घटना कठुआ के बसोहली क्षेत्र के माशका इलाके में स्थित सेवा जलविद्युत परियोजना के सीआईएसएफ शिविर में हुई। गोलीबारी में घायल जवानों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल

घटना में जान गंवाने वालों में असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल संजीव कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद रफीक शामिल हैं। असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे कंपनी कमांडर के पद पर तैनात थे।

आरोपी जवान हिरासत में

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक सीआईएसएफ हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपने साथियों पर गोली चलाई। घटना के बाद आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस और सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

गोलीबारी की वजह की जांच

फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। अधिकारियों के अनुसार, जवानों के बीच विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और गोलीबारी की नौबत कैसे आई, इसकी जांच की जा रही है। सीआईएसएफ ने भी घटना की विभागीय जांच शुरू कर दी है।