लॉ छात्रा की मौत से हड़कंप, पड़ोसी पर दुष्कर्म का आरोप; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर क्षेत्र में 17 वर्षीय लॉ छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया है। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक और उसके पिता के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके पिता की तलाश जारी है।

कॉलेज आते-जाते छात्रा को परेशान करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा लॉ की पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि पड़ोस का 25 वर्षीय युवक सोनू उसे कॉलेज आते-जाते समय काफी समय से परेशान कर रहा था।

परिजनों ने जब इस संबंध में युवक के पिता भूपराम से शिकायत की तो आरोप है कि उसने भी विवाद किया। परिवार का आरोप है कि मंगलवार सुबह युवक ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और उस पर शादी के लिए दबाव बनाया।

घर में फंदे से लटककर दी जान

आरोप है कि इस घटना और लगातार प्रताड़ना से परेशान छात्रा ने अपने घर के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। परिवार ने अंतिम संस्कार के बाद पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवक और उसके पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मां की तहरीर पर मुकदमा, आरोपी गिरफ्तार

छात्रा की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बीसलपुर के प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला के मुताबिक, सहआरोपी भूपराम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। वहीं बीसलपुर सर्किल के सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामले में मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।