होर्मुज पर अमेरिका का ‘पूरा नियंत्रण’, ट्रंप बोले- आगे भी कायम रखेंगे कब्जा English Heading

0

डेस्क : पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका का इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर पूरा नियंत्रण है और वह इसे आगे भी बनाए रखेगा। उन्होंने अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई को ‘स्टील की दीवार’ करार दिया है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका के पास होर्मुज पर पूरी तरह नियंत्रण है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना की ओर से बनाई गई यह ‘स्टील की दीवार’ इतनी मजबूत है कि ईरान इसके खिलाफ कुछ नहीं कर सकता। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका मौजूदा स्थिति को बनाए रखने के पक्ष में है।

ईरान को ट्रंप की सीधी चेतावनी

ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उसने होर्मुज की स्थिति बदलने या अमेरिकी नियंत्रण को चुनौती देने की कोशिश की तो उसे इसकी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि इस समय अमेरिका मजबूत स्थिति में है और ईरान ने क्षेत्र में अपना पिछला प्रभाव खो दिया है।

ईरान ने दावे को किया खारिज

अमेरिकी राष्ट्रपति के दावे को ईरान ने पूरी तरह खारिज किया है। ईरान का कहना है कि होर्मुज से जुड़ी मौजूदा स्थिति अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई तथा उसके बाद पैदा हुए क्षेत्रीय तनाव का परिणाम है। दोनों देशों के बीच इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को लेकर मतभेद लगातार बने हुए हैं।

दुनिया के लिए क्यों अहम है होर्मुज?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। पश्चिम एशिया से होने वाली कच्चे तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस की बड़ी मात्रा इसी मार्ग से होकर गुजरती है। ऐसे में यहां लंबे समय तक तनाव या जहाजों की आवाजाही में रुकावट का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल की कीमतों पर पड़ सकता है।

बातचीत से रास्ता निकालने की कोशिश

इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर ईरान और ओमान के बीच बातचीत जारी है। हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच टकराव खत्म करने के लिए अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हो सका है। ऐसे में ट्रंप का ताजा बयान क्षेत्र में तनाव के बीच अमेरिका के कड़े रुख का संकेत माना जा रहा है।