डेस्क : स्वर कोकिला लता मंगेशकर की आवाज में रिकॉर्ड किया गया फिल्म ‘ज्योति’ का लोकप्रिय गीत ‘थोड़ा रेशम लगता है’ एक समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद का कारण बन गया था। वर्ष 1981 में रिलीज हुई इस फिल्म के गीत को लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत बप्पी लाहिड़ी ने तैयार किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी संगीत निर्माता डीजे क्विक ने इस गीत की धुन और संगीत का इस्तेमाल बिना अनुमति किया। उन्होंने अमेरिकी गायिका ट्रुथ हर्ट्स के लिए ‘एडिक्टिव’ नाम से गीत तैयार किया। यह गीत अमेरिका में काफी लोकप्रिय हुआ और चर्चित संगीत सूची में भी जगह बनाने में सफल रहा।
मामला तब सामने आया जब भारतीय संगीत कंपनी सारेगामा को मूल गीत के बिना अनुमति इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद कंपनी ने अमेरिकी संगीत कंपनियों के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन का मामला दर्ज कराया। रिपोर्ट के मुताबिक, मामले में भारी-भरकम हर्जाने की मांग की गई थी और गीत की बिक्री तथा आगे इस्तेमाल पर रोक लगाने की कार्रवाई भी हुई।
भारतीय धुन की विदेश में गूंजी आवाज
‘एडिक्टिव’ के जरिए लता मंगेशकर के गीत की धुन अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत तक पहुंची। हालांकि, बिना अनुमति इस्तेमाल किए जाने के कारण यह मामला भारतीय संगीत की रचनाओं और उनके कॉपीराइट अधिकारों को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा का विषय बना।
बाद में इसी धुन से प्रेरित होकर भारत में ‘कलियों का चमन’ गीत भी तैयार किया गया, जिसे श्रोताओं ने काफी पसंद किया। इस पूरे घटनाक्रम ने दिखाया कि भारतीय फिल्म संगीत की लोकप्रियता सीमाओं से परे पहुंच चुकी थी, लेकिन साथ ही मूल रचनाकारों के अधिकारों की रक्षा का सवाल भी उतना ही महत्वपूर्ण है।








